दिल्ली विधानसभा चुनाव के तहत 70 सीटों पर बुधवार को मतदान संपन्न हो गए। इसके साथ ही एग्जिट पोल के अनुमान भी सामने आने लगे। इस बार के विधानसभा चुनाव में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली है। वहीं, कांग्रेस ने भी इस बार अपना पूरा दम लगाया है। दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे 8 फरवरी को आएंगे। लेकिन मतदान के बाद सभी की निगाहें अब एग्जिट पोल की तरफ है। आपको बता दें कि दिल्ली में सरकार बनाने के लिए 36 सीटों की जरूरत होती है।
दिल्ली में 70 सीटों के लिए हुए मतदान संपन्न हो चुके हैं। हालांकि शाम 6:00 तक मतदान केंद्रों के भीतर जा चुके वोटर्स को मत डालने की अनुमति दी गई। दिल्ली चुनाव के नतीजे 8 फरवरी को आएंगे। दिल्ली में आज सुबह 7:00 से मतदान शुरू हुए थे। दिल्ली में शाम पांच बजे तक 57.70 प्रतिशत मतदान हुए थे। आम आदमी पार्टी (आप) अपनी शासन व्यवस्था और कल्याणकारी योजनाओं के दम पर तीसरी बार लगातार जीत की उम्मीद कर रही है, वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस वापसी की उम्मीद कर रही हैं।चुनाव प्रचार के दौरान ‘‘शीश महल’’ विवाद, यमुना के पानी की गुणवत्ता, शासन, कानून-व्यवस्था, महिला कल्याण और मतदाता सूची से छेड़छाड़ के आरोप जैसे मुद्दों को जोरदार ढंग से उठाया गया। चुनाव पूर्व वादों में मुफ्त में सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने का मुद्दा भी हावी रहा। ‘आप’ ने छात्रों के लिए मुफ्त बस यात्रा, ऑटो और टैक्सी चालकों के लिए बीमा और मंदिर के पुजारियों तथा गुरुद्वारों के ग्रंथियों को 18,000 रुपये की वित्तीय सहायता देने का वादा किया है। दूसरी ओर, भाजपा ने गर्भवती महिलाओं के लिए 21,000 रुपये की वित्तीय सहायता और 500 रुपये में सब्सिडी वाले रसोई गैस सिलेंडर देने का वादा किया है, जबकि कांग्रेस ने 8,500 रुपये का मासिक बेरोजगारी भत्ता देने की प्रतिबद्धता जताई है। आठ फरवरी को आने वाले चुनाव परिणामों से साफ होगा कि क्या ‘आप’ अपनी सरकार बरकरार रख पाती है, भाजपा अपनी हार का सिलसिला तोड़ पाती है या कांग्रेस कोई चौंकाने वाला नतीजा दे पाती है।
एग्जिट पोल के अनुमान
– Peoples Pulse ने अपने एग्जिट पोल में बीजेपी को 51 से 60 सीटें दी है। वहीं, आम आदमी पार्टी के खाते में यहां 10 से 19 सीटें जाती हुई दिखाई दे रही है। कांग्रेस का खाता नहीं खुल रहा है।
– Matrize ने 35 से 40 सीटें भाजपा को दी है जबकि 32 से 37 सीटें आम आदमी पार्टी के खाते में जाती हुई दिखाई दी है। वहीं, कांग्रेस का खाता खुल सकता है और पार्टी एक सीट पर जीत हासिल कर सकती है।
– JVC की बात करें तो भाजपा 39 से 45 सीट के बीच जीत हासिल कर सकती है। वही, आम आदमी पार्टी को 22 से 31 सीटें जबकि कांग्रेस के खाते में दो सीटें जा सकती हैं।
– P-Marq के मुताबिक बीजेपी 39 से 49 सीटें, आम आदमी पार्टी 21 से 31 सीटें जबकि कांग्रेस को एक सीट मिल सकती है।
People’s Insight ने भाजपा को 40 से 44 सीटें दी है जबकि आम आदमी पार्टी 25 से 29 सीटें और कांग्रेस एक सीट पर जीत हासिल कर सकती है।
– Chanakyaकी बात करें तो भाजपा को 39 से 44 सीटें मिल सकती है। वहीं 25 से 28 सीटें आम आदमी पार्टी को मिल सकती है जबकि कांग्रेस को दो से तीन सीटें हासिल हो सकती है।