तहसील चौक: गड्ढों-कीचड़ में सड़क पार करने को मजबूर हुए लोग
तहसील चौक: गड्ढों-कीचड़ में सड़क पार करने को मजबूर हुए लोग
देहरादून। तहसील चौक के पास स्मार्ट सिटी निर्माण कार्य से लोगों को दूसरे दिन भी राहत नहीं मिली। लोगों को कीचड़ के बीच गिरते-पड़ते आवाजाही करनी पड़ी। इससे लोगों में प्रशासन के खिलाफ नाराजगी रही।
बीते सोमवार को स्मार्ट सिटी ने बारिश के बीच तहसील चौक से पलटन बाजार को जोड़ने वाली सड़क खोद दी। इससे पूरी सड़क मलबे से पट गई। कीचड़ के बीच लोगों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ा। साथ ही व्यापारियों को दुकानें तक बंद करनी पड़ी। व्यापारियों की नाराजगी के बाद स्मार्ट सिटी कार्यदायी संस्था ने जल्द व्यवस्था ठीक करने का आश्वासन दिया था, लेकिन मंगलवार को हालात जस के तस बने रहे। कीचड़ के बीच लोग गिरते-पड़ते सड़क के अगले छोर तक पहुंच पाए। इसके अलावा कई दोपहिया वाहन कीचड़ में धंस गए। इससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके पर पहुंचे व्यापार मंडल अध्यक्ष पंकज मैसोन ने कार्यदायी संस्था व प्रशासनिक अधिकारियों से फोन पर वार्ता की। उन्होंने जल्द जेसीबी के माध्यम से खोदी गई सड़क भरने व सड़क पर बिखरा मलबा हटाने की मांग की।